उत्तर मध्य रेलवे ऑफिसर्स स्पोर्ट्स एवं कल्चरल मीट 2026 संपन्न

*मुख्यालय ने हासिल की सांस्कृतिक और खेल स्पर्धाओं की ओवरऑल शील्ड

उत्तर मध्य रेलवे प्रशासन द्वारा खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से समय-समय पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता रहा है। इसी क्रम में दिनांक 27.11.2026 से 28.11.2026 तक रेलगांव स्थित स्पोर्ट्स परिसर एवं भारतीय रेल रेलपथ मशीन प्रशिक्षण केंद्र, सूबेदारगंज के नवप्रभा सभागार में दो दिवसीय ‘उत्तर मध्य रेलवे ऑफिसर्स स्पोर्ट्स एवं कल्चरल मीट 2026’ का आयोजन किया गया।

इस मीट का समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण समारोह महाप्रबन्धक, उत्तर मध्य रेलवे नरेश पाल सिंह की अध्यक्षता एवं उत्तर मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती हिमा सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। समापन समारोह में महाप्रबन्धक श्री नरेश पाल सिंह एवं श्रीमती हिमा सिंह ने सभी विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। मुख्यालय के दल ने समग्र रूप से उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सांस्कृतिक और खेल दोनों शील्ड अपने नाम कीं।

सांस्कृतिक स्पर्धाओं में मुख्यालय ने प्रथम स्थान के 16, द्वितीय स्थान के 7 तथा तृतीय स्थान के 4 परिणामों सहित कुल 27 स्थान प्राप्त कर सांस्कृतिक शील्ड हासिल की। अन्य इकाइयों में प्रयागराज मंडल ने कुल 11 (प्रथम 1, द्वितीय 4, तृतीय 6), आगरा मंडल ने कुल 8 (प्रथम 2, द्वितीय 3, तृतीय 3) तथा झांसी मंडल ने कुल 7 (प्रथम 0, द्वितीय 5, तृतीय 2) स्थान प्राप्त किए।

खेल स्पर्धाओं में मुख्यालय ने 27 स्वर्ण, 19 रजत एवं 13 कांस्य पदक सहित कुल 59 पदकों और 218 अंकों के साथ खेल शील्ड पर कब्जा जमाया। झांसी मंडल 9 स्वर्ण, 16 रजत एवं 19 कांस्य पदक (कुल 44 पदक) तथा 131 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। प्रयागराज मंडल ने 10 स्वर्ण, 8 रजत एवं 10 कांस्य पदक (कुल 28 पदक) के साथ 94 अंक तथा आगरा मंडल ने 9 स्वर्ण, 9 रजत एवं 2 कांस्य पदक (कुल 20 पदक) के साथ 76 अंक अर्जित किए।

दो दिन तक चली इस प्रतियोगिता के अंतर्गत टेबल टेनिस, बैडमिंटन, शतरंज, लॉन टेनिस, कैरम, क्रिकेट, बॉक्स क्रिकेट, रस्साकशी (टग ऑफ वॉर), 3 किमी क्रॉस कंट्री, 100 मीटर दौड़, 4×100 मीटर रिले रेस, सैक रेस एवं स्पून रेस जैसी खेल स्पर्धाएं आयोजित की गईं। इसके साथ ही सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के तहत एकल एवं समूह गायन, एकल एवं समूह नृत्य, एकल वाद्य संगीत, नाटिका (स्किट), पेंटिंग, मेहंदी तथा रंगोली का भी आयोजन किया गया। क्रिकेट में मुख्यालय ने स्वर्ण और आगरा ने रजत पदक प्राप्त किया, जबकि बॉक्स क्रिकेट में पुरुष वर्ग में झांसी ने स्वर्ण व मुख्यालय ने रजत तथा महिला वर्ग में मुख्यालय ने स्वर्ण व आगरा ने रजत पदक जीता।

इस अवसर पर अपने संबोधन में महाप्रबंधक ने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी और कहा कि, “इस तरह के आयोजन हमें आपस में मिलने-जुलने का अवसर प्रदान करते हैं। यह प्रतियोगिता केवल खेल और संस्कृति का मंच नहीं थी, बल्कि यह उत्तर मध्य रेलवे परिवार के अधिकारियों के बीच एकता, सहयोग और सौहार्द की भावना को मजबूत करने का भी एक सशक्त माध्यम थी। इन दो दिनों में हमने देखा कि कैसे विभिन्न मंडलों के अधिकारी एक साथ आए, एक दूसरे का समर्थन किया और एक स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के माहौल में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। यही हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि है।”

कार्यक्रम के प्रारंभ में महाप्रबंधक का स्वागत पौधा भेंट कर प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियर अनिल कुमार द्विवेदी ने एवं अध्यक्षा महिला कल्याण संगठन का स्वागत श्रीमती राखी द्विवेदी ने किया। कार्यक्रम का संचालन अनम सिद्दीकी, आफाक अहमद एवं डॉ. अमित मालवीय ने किया।

