पहलवानों, समाजसेवी अतिथियों को दिया गया शगुन प्रयाग गौरव सम्मान

*पहलवानों, समाजसेवी अतिथियों को दिया गया शगुन प्रयाग गौरव सम्मान*

प्रतापगढ़। दुर्गागंज के निकट स्थित तिवारीपुर गांव में आयोजित 56वीं दंगल में भदोही के पहलवान सुजीत ने प्रतापगढ़ के आमिर को पटखनी देकर चैंपियन का खिताब अपने नाम कर लिया। कमेटी ने इनाम के रूप में उन्हें रेंजर साइकिल प्रदान की। इस बार की प्रतियोगिता में तीन दर्जन से अधिक पहलवानों ने कुश्ती कला का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
बता दें कि उक्त गांव में पिछले 55 साल से दंगल और मेले का आयोजन होता आ रहा है। इसमें दूर दूर से पहलवान आकर कुश्ती कला का प्रदर्शन करते हैं। इस बार भी प्रतापगढ़ के साथ ही वाराणसी, आजमगढ़, जौनपुर, मीरजापुर, भदोही, उन्नाव , फतेहपुर, कौशाम्बी, प्रयागराज, रायबरेली, सुल्तानपुर, चित्रकूट आदि जिलों के पहलवान दंगल में प्रतिभाग करने पहुंचे थे। दो दर्जन से अधिक मुकाबले सम्पन्न हुए, लेकिन समयाभाव के कारण कुछ पहलवानों को निराश होना पड़ा। उनकी कुश्तियां नहीं कराई जा सकीं। दंगल को लेकर दर्शकों और पहलवानों के उत्साह का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अगर किसी अच्छे पहलवान ने कमेटी की ओर से घोषित पुरस्कार को कम बताकर लड़ने से मना किया तो दर्शकों ने अपनी ओर से अवशेष इनाम की राशि जमाकर कुश्ती कराने की पहल की। इस बार फाइनल भी अजीबोगरीब रहा। चैंपियन बीड़ा उठाने चार लोग पहुंच गए। ऐसी स्थिति में दंगल कमेटी को दो सेमीफाइनल कुश्तियां करानी पड़ी। पहला सेमीफाइनल मुकाबला सुनील भदोही और आमिर प्रतापगढ़ के बीच हुआ। इसमें आमिर विजेता घोषित हुए। दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला सुजीत भदोही और रजत उन्नाव के बीच हुआ। इसमें बाजी सुजीत के हाथ लगी। अंत में दोनों के विजेताओं भदोही के सुजीत और प्रतापगढ़ के आमिर के बीच चैंपियन मुकाबला हुआ। इसमें सुजीत विजेता घोषित हुए। सुजीत को वास्तविक चैंपियन इसलिए भी कहा जा सकता है क्योंकि उन्होंने सेमीफाइनल के साथ ही दंगल में हुए कई अन्य मुकाबलों में भी अपने प्रतिद्वंद्वियों को पटखनी देकर यह मुकाम हासिल किया था। कमेटी ने उन्हें पुरस्कार के रूप में रेंजर साइकिल प्रदान की।
कुश्ती में निर्णायक की भूमिका शैलेन्द्र तिवारी और श्रीराम गुप्त ने निभाई जबकि संचालन एडवोकेट अनिल कुमार शुक्ल उर्फ राजू शुक्ल ने किया। व्यवस्थापक प्रभाकर तिवारी और कमेटी के अन्य सदस्यों ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही शगुन प्रयाग गौरव से भी सम्मानित किया गया। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चौकी प्रभारी दुर्गागंज लक्ष्मी कान्त सिंह अपनी टीम के साथ मौजूद रहे।
दंगल के आयोजन में अनिल तिवारी, कुलदीप तिवारी, ज्ञान प्रकाश तिवारी, दिवाकर तिवारी, अनमोल तिवारी, विपुल तिवारी, राहुल तिवारी, अंश तिवारी, पवन शर्मा, विवेक निर्मल, विजय निर्मल आदि का सराहनीय योगदान रहा।

