नौकरी के नाम पर सिक्योरिटी मनी वसूली, वेतन से भी कमीशन काटने का आरोप, विरोध करने पर नौकरी से निकालने और जमा रकम नहीं लौटाने का दावा
*प्रयागराज।* बमरौली स्थित विमान प्रशिक्षण केंद्र में सुरक्षा कार्यों से जुड़े रहे कर्मचारियों ने गरुड़ सिक्योरिटी एजेंसी पर आर्थिक शोषण और मनमानी का आरोप लगाया है। बुधवार को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया क्लब के नारद सभागार में पत्रकारों से बातचीत के दौरान पूर्व कर्मचारियों ने दावा किया कि नौकरी पर रखने के नाम पर उनसे बतौर सिक्योरिटी मनी एक लाख से डेढ़ लाख रुपये तक जमा कराए गए। इसके बावजूद उन्हें अब तक अपनी जमा रकम वापस नहीं मिली है।

पूर्व कर्मचारियों अरुण कुमार, धारा सिंह, भारत भूषण और रविशंकर ने आरोप लगाया कि उन्हें प्रतिदिन 600 रुपये मजदूरी देने की बात कहकर काम पर रखा गया था, लेकिन वेतन भुगतान के समय 200 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से कंपनी का कमीशन काट लिया जाता था। कर्मचारियों का कहना है कि इस कटौती का विरोध करने पर कुछ लोगों को नौकरी से बाहर कर दिया गया।
अरुण कुमार समेत अन्य कर्मचारियों ने बताया कि उन्होंने अपनी सिक्योरिटी मनी वापस पाने के लिए जिलाधिकारी से शिकायत की और आईजीआरएस पोर्टल पर भी प्रार्थना पत्र दिया। उनका आरोप है कि थाने में शिकायत लेकर जाने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ।
पूर्व कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि सिक्योरिटी मनी जमा कराए बिना कंपनी काम पर नहीं रखती और रकम वापस मांगने पर टालमटोल करती है। उनके मुताबिक, हर महीने कई कर्मचारियों को नौकरी से हटाए जाने की शिकायतें भी सामने आती हैं।
पूर्व कर्मचारियों की मांग है कि उनकी जमा सिक्योरिटी मनी वापस कराई जाए ताकि वे आर्थिक संकट से उबरकर रोजगार का दूसरा विकल्प तलाश सकें।

