स्कूलों में समय बदलने के प्रस्ताव पर अभिभावकों ने जताई चिंता, दोपहर 2 बजे छुट्टी करने पर जताई नाराज़गी
*स्कूलों में समय बदलने के प्रस्ताव पर अभिभावकों ने जताई चिंता, दोपहर 2 बजे छुट्टी करने पर जताई नाराज़गी*
प्रयागराज। निजी स्कूलों में शैक्षणिक सत्र के समय को बदलकर सुबह 8:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे करने के संभावित विचार पर अभिभावकों ने गहरी चिंता व्यक्त किया है। अभिभावकों का स्पष्ट कहना है कि वर्तमान में अभी इतनी कड़ाके की ठंड या शीतलहर शुरू नहीं हुई है कि स्कूलों की छुट्टी के समय को दोपहर 2:00 बजे तक खींचा जाए। इस फैसले से बच्चों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और दैनिक दिनचर्या पर बेहद प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। अभिभावकों के प्रतिनिधियों ने इस प्रस्तावित समय सारणी के खिलाफ आपत्तियां दर्ज कराई हैं कि सर्दियों के मौसम में दिन छोटे होते हैं। दोपहर 2:00 बजे स्कूल खत्म होने के बाद, स्कूल वैन और बसों से दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले बच्चे दोपहर 3:30 से 4:00 बजे के बीच घर पहुँच पाएंगे, जिससे उनके घर लौटते ही शाम हो जाएगी। आने वाले दिनों में कोहरा बढ़ने पर यह सुरक्षा के लिहाज से भी खतरनाक साबित हो सकता है। साथ ही दोपहर 2:00 बजे की टाइमिंग से नौकरीपेशा और कामकाजी माता-पिता का पूरा शेड्यूल बिगड़ जाएगा, क्योंकि उन्हें बच्चों को स्कूल से लाने या घर पर उन्हें रिसीव करने के लिए अपने ऑफिस के समय से समझौता करना पड़ेगा।
अभिभावक संघ ने निजी स्कूलों के प्रबंधन और जिला प्रशासन से पुरजोर अपील की है कि जब तक भीषण ठंड या अत्यधिक कोहरे की स्थिति न बने, तब तक स्कूलों की छुट्टी का समय सामान्य (दोपहर 1:00) ही रखा जाए। बच्चों के सर्वोत्तम हित और उनके स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इस अव्यावहारिक प्रस्ताव को तुरंत वापस लिया जाना चाहिए।

