सोफे पर सो रही तीन माह की मासूम की आग में जलकर मौत, बचाने में चाचा भी झुलसे
#कौशाम्बी: सोफे पर सो रही तीन माह की मासूम की आग में जलकर मौत, बचाने में चाचा भी झुलसे
चरवा थाना क्षेत्र के बेरुवा गांव में शनिवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। घर के अंदर सोफे पर सो रही तीन माह की मासूम बच्ची की आग में झुलसने से मौत हो गई। बच्ची को बचाने की कोशिश में उसके चाचा भी झुलस गए। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।
जानकारी के मुताबिक, बेरुवा गांव निवासी शिव कुमार रैदास शनिवार देर रात अपनी पत्नी नेहा देवी के साथ घर में बैठे थे। उनकी तीन माह की बेटी शिवांशी अंदर सोफे पर लेटी थी। इसी दौरान कथित तौर पर बिजली के शॉर्ट सर्किट से सोफे में आग लग गई। धुआं उठता देख मां अंदर पहुंचीं तो बच्ची आग की लपटों से घिरी थी। उनकी चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
बच्ची को बचाने के प्रयास में उसके चाचा विनोद भी झुलस गए। परिजन मासूम को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि शिवांशी अपने माता-पिता की पहली संतान थी।
इकलौती बेटी की मौत से मां-पिता और दादी का रो-रोकर बुरा हाल है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट से आग लगने की जताई जा रही है। हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

