बिना हेलमेट वाहन चलाने, सीट बेल्ट का प्रयोग न करने व वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने वालो का चालान करने तथा उनके डीएल के निलम्बन की करें कार्यवाही- जिलाधिकारी
*जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न*
*अत्यधिक भीड़-भाड़ व जाम वाले स्थलों पर जाम से निजात दिलाये जाने के सम्बंध में बनायी गयी कार्ययोजना को 01 जून से करें लागू*
*सरकारी सम्पत्तियों को नुकसान पहुंचाये जानें में किसी स्थानीय मैरेज हाल, पेट्रोल पम्प संचालक, होटल संचालक की संलिप्तता पायी जाती है तो उनके विरूद्ध सुसंगत धाराओं में मुकद्मा दर्ज करते हुए की जायेगी विधिक कार्यवाही*
*अवैध टैक्सी स्टैण्ड संचालन, डग्गामार वाहन व बिना नम्बर के वाहनों पर अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करने के दिए निर्देश*
*नेशनल हाईवे पर निर्धारित दूरी पर एम्बुलेंस व क्रेन की उपलब्धता सुनिश्चित करें-जिलाधिकारी*
*स्टंट बाजी पर रोक लगाये जाने हेतु प्रभावी कार्रवाई करने के जिलाधिकारी ने दिए निर्देश*
*बिना हेलमेट वाहन चलाने, सीट बेल्ट का प्रयोग न करने व वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने वालो का चालान करने तथा उनके डीएल के निलम्बन की करें कार्यवाही*
*प्रयागराज 22 मई, 2026।*जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को संगम सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग, पुलिस विभाग, अपर जिलाधिकारी नगर, प्रयागराज विकास प्राधिकरण, नगर निगम, मुख्य चिकित्साधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक/बेसिक शिक्षा अधिकारी को जनपद प्रयागराज में संचालित हो रहे स्कूल, मैरेज हॉल एवं हॉस्पिटल में व्यवस्थित पार्किंग की जगह नहीं होने से जाम की स्थिति उत्पन्न होने पर उनके विरूद्ध क्या कार्रवाई की गयी है, की जानकारी लेते हुए सम्बंधित के विरूद्ध नोटिस निर्गत करायें जाने तथा संयुक्त निरीक्षण कर ऐसे स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था कराये जाने के लिए कहा है। उन्होंने शहरी क्षेत्र में अत्यधिक भीड़-भाड़ एवं जाम वाले स्थलों पर यथा चौक, घंण्टा घर, सिविल लाइन्स, लल्ला चुंगी जैसे स्थानों पर टैम्पो टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों एवं स्थानीय वेंडर को शामिल कर जाम से निजात दिलाये जानें के सम्बंध में बनायी गयी कार्ययोजना के बारे में जानकारी ली और वालंटियर्स के माध्यम से कार्ययोजना को 01 जून से लागू किए जाने के लिए कहा है। नगर क्षेत्र में वृहद जाम के दृष्टिगत शहर को जाम से मुक्त किये जानें हेतु चिन्हित 16 स्थायी होल्डिंग्स एरिया में ही बस व ट्रक की पार्किंग कराये जाने के लिए कहा है।
बैठक में जिलाधिकारी ने शहरी क्षेत्र में नो ई-रिक्शा जोन/नो व्हिकल जोन तथा पैडिस्ट्रियन जोन चिन्हित कर नो आब्स्ट्रक्शन एरिया घोषित करने हेतु अपर जिलाधिकारी (नगर) प्रयागराज की अध्यक्षता में डीसीपी (यातायात), एआरएम रोडवेज व परिवहन विभाग एवं टैम्पो टैक्सी यूनियन की बनायी गयी संयुक्त टीम के प्रस्ताव को 01 जून से लागू करने के निर्देश दिए है। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जागरूकता गतिविधियों के सम्बंध में प्रस्तुत किये गये आंकड़ों का मिलान शत-प्रतिशत जांच करने के उपरान्त ही प्रस्तुत करें। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई, एनएच, नगर-निगम एवं पीडीए द्वारा निर्मित मार्गों के किनारे रेलिंग, डिवाइडर इत्यादि सरकारी सम्पत्ति को किसी व्यक्ति विशेष द्वारा क्षति पहुंचायी जायेगी तो सम्बंधित के विरूद्ध कठोर कार्यवाही की जायेगी। यदि इन सम्पत्तियों को नुकसान पहुंचाये जानें में किसी स्थानीय मैरेज हाल, पेट्रोल पम्प संचालक, होटल संचालक की संलिप्तता पायी जाती है तो उनके विरूद्ध सुसंगत धाराओं में मुकद्मा दर्ज करते हुए विधिक रूप से कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने माघ मेले के समय बंद कराये गये अवैध कटो को यदि पुनः तोड़ा गया है, तो उन्हें पुनः बंद कराये जाने तथा सम्बंधित के विरूद्ध एफआईआर भी दर्ज कराये जाने के निर्देश दिए है। उन्होंने एयरपोर्ट मार्ग पर पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाये जाने के लिए कहा है।
बैठक में जिलाधिकारी ने अवैध टैक्सी स्टैण्ड संचालित न हो तथा डग्गामार वाहन व बिना नम्बर के वाहन न चलने पाये, इसपर निगरानी रखने तथा अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को नेशनल हाईवे व सड़क के किनारे स्थित हॉस्पिटलों की जिओ टैगिंग कराये जाने तथा एम्बुलेंस को उन लोकेशनों पर स्थापित कराये जाने का निर्देश दिया है कि जिससे कि रिस्पांश टाइम कम से कम हो। उन्होंने नेशनल हाईवे पर निर्धारित दूरी पर एम्बुलेंस व क्रेन की उपलब्धता अवश्य हो, के निर्देश दिए है। उन्होंने नेशनल हाईवे के टोल प्लाजा पर एक किलो मीटर के दायरें में साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित कराये जाने हेतु एनएच के अधिकारियों को निर्देशित किया है। उन्होंने सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी व पुलिस विभाग के अधिकारियों को ब्लाइंड स्पॉटों पर क्या सुधार किए जा सकते है, के लिए योजना बनाये जाने के लिए कहा है। उन्होंने स्टंट बाजी पर रोक लगाये जाने हेतु प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए है। जिलाधिकारी ने नगर निगम को वेण्डिंग जोन की कार्ययोजना बनाकर स्ट्रीट वेण्डर्स को वेण्डिंग जोन में व्यवस्थित करने के लिए कहा है, जिससे अनावश्यक जाम की स्थिति न उत्पन्न हो। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के वाहनों की पार्किंग, ठेला, वेन्डर्स मुख्य चौराहों के समीप स्थित न हों। उन्होंने मुख्य चौराहों पर पीए सिस्टम क्रियाशील रखने के लिए कहा है। उन्होंने अवैध खनन पर रोक लगाये जाने हेतु गठित टॉस्क फोर्स को ओवर लोडिंग पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। उन्होंने सेव लाइफ के द्वारा सड़क दुर्घटना को रोके जाने के सम्बंध में किए गए स्टडी प्लान को कार्ययोजना में सम्मिलित करने के लिए कहा है। जिलाधिकारी ने बिना हेलमेट वाहन चालने, चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग न करने व वाहन चालते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने पर सम्बंधित का चालान करने तथा डीएल के निलम्बन की कार्यवाही किए जाने के लिए कहा है।
इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त श्री अजय पाल शर्मा, पुलिस उपायुक्त यातायात श्री विजय आनन्द, नगर मजिस्टेªट श्री विनोद कुमार सिंह, अधिशासी अभियन्ता/सचिव/सदस्य, जिला सड़क सुरक्षा समिति-श्री पी0के राय, श्री विनोद चन्द्र दुबे, अध्यक्ष एवं श्री रमाकान्त रावत, महामंत्री, टेम्पो टैक्सी यूनियिन एवं अन्य उपस्थित अधिकारीगण व यूनियन के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

