शहर के बीचों-बीच स्थित ऐतिहासिक राइफल क्लब खेल मैदान को लेकर सियासत गरमा गई

बांदा जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजेश दीक्षित ने शहर के मध्य स्थित प्रसिद्ध राइफल क्लब खेल मैदान को बेचे जाने के मामले में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष माननीय अजय राय, पूर्व मंत्री को पत्र लिखकर अवगत कराया था। इस पत्र का संज्ञान लेते हुए प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस नीलामी प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से रोकने की पुरजोर मांग की है।
कांग्रेस का कहना है कि राइफल क्लब खेल मैदान की अपनी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान रही है। यहीं से कई ऐसे खिलाड़ी निकले हैं जिन्होंने देश ही नहीं, विदेशों में भी जनपद बांदा का नाम रोशन किया है। बावजूद इसके, कुछ सत्तासीन नेताओं के इशारे पर बांदा विकास प्राधिकरण द्वारा आगामी 21 जनवरी 2026 को इस खेल मैदान की नीलामी की प्रक्रिया अपनाई जा रही है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने मांग की है कि इस ऐतिहासिक खेल मैदान का नामकरण मेजर ध्यानचंद के नाम पर किया जाए और इसका चतुर्मुखी विकास कराया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को खेल के बेहतर अवसर मिल सकें। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नीलामी पर तत्काल रोक लगाई जाए।
“यदि राइफल क्लब खेल मैदान की नीलामी नहीं रोकी गई तो कांग्रेस पार्टी इसे बचाने के लिए उग्र आंदोलन का रास्ता अपनाने से पीछे नहीं हटेगी।”
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित के अनुसार, इस प्रस्तावित नीलामी का लगातार जिले के बुद्धिजीवियों, विभिन्न राजनीतिक दलों, खेल प्रेमियों और पत्रकारों द्वारा विरोध किया जा रहा है। बावजूद इसके अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस निर्णय सामने नहीं आया है।
अब देखना होगा कि कांग्रेस की इस मांग पर सरकार क्या रुख अपनाती है और क्या ऐतिहासिक राइफल क्लब खेल मैदान नीलामी से बच पाएगा या नहीं।

