सिर पर ईंटें रखकर बागेश्वर महाराज को शुभकामनाएं देने आए श्रद्धालु
महाराजश्री के जन्मोत्सव पर उमड़ा जनसैलाब, मूसलाधार बारिश भी नहीं रोक पाई उत्साह
छतरपुर। करोड़ों लोगों की आस्था के केन्द्र बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री के जन्मोत्सव के अवसर पर शुक्रवार को धाम में लाखों लोग उन्हें शुभकामनाएं देने पहुंचे। महाराजश्री ने आवाहन किया था कि हमें उपहार के बदले एक-एक ईंट कैंसर अस्पताल के लिए प्रदान करें। महाराजश्री के आवाहन पर हजारों लोग सिर पर ईंट रखकर दर्शन करने आए और महाराजश्री को ईंट भेंट की। सुबह से लेकर देर रात तक महाराजश्री को शुभकामनाएं देने का सिलसिला चलता रहा। दिन भर बारिश के होने के बावजूद लोगों का उत्साह नहीं रुका।
बुधवार से शुरु हुए महाराजश्री के जन्मोत्सव एवं गुरूपूर्णिमा महोत्सव के तीसरे दिन बागेश्वर महाराज के जन्मोत्सव का कार्यक्रम आयोजित हुआ। सुबह 10 बजे महाराज श्री बालकनी में आए और अपार जनसमूह को आर्शीवाद दिया तो समूचा धाम जयकारों से गुंजने लगा। महाराजश्री की दीर्घायु के लिए लोगो ने बालाजी से प्रार्थना की। धाम पर सुंदरकांड पाठ, अखंड रामधुन, हनुमान चालीसा और परिक्रमा का आयोजन हुआ। काशी विश्वनाथ से आए ब्राह्मणों ने पं. धीरेंद्र शास्त्री को तिलक कर शुभकामनाएं दीं, जबकि मथुरा-वृंदावन से आए 51 कथा व्यासों ने सुंदरकांड पाठ कर उत्सव में भक्ति का रंग जोड़ा। महाराज ने मंचीय सांस्कृतिक कार्यक्रम रद्द कर श्रद्धालुओं से शांतिपूर्ण और आध्यात्मिक उत्सव मनाने की अपील की थी। उनकी अपील का असर दिखा, और धाम पर भक्ति और संयम का माहौल रहा। रात 12 बजे से सोशल मीडिया पर शुभकामनाओं का सिलसिला शुरू हो गया, जिसमें भक्तों ने महाराज के धार्मिक और सामाजिक योगदान की सराहना की। पं. धीरेंद्र शास्त्री ने धाम पर दर्शन देकर श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया और सुरक्षा व संयम बनाए रखने का आह्वान किया।
जन सैलाब ने पाया प्रसाद जगह-जगह हुई भंडारे की व्यवस्था
जन्मोत्सव के अवसर पर बागेश्वर धाम में शुद्ध घी से तैयार भंडारे का आयोजन किया गया। लाखों श्रद्धालुओं को मटर पनीर, कद्दू की सब्जी, छोले, पुलाव, सूजी का हलवा और खीर जैसे स्वादिष्ट व्यंजन परोसे गए। पूड़ी-सब्जी के साथ मिठाइयों का भी प्रबंध था। रात से ही भंडारे की सामग्री तैयार की जा रही थी, जिसने श्रद्धालुओं को भक्ति के साथ-साथ स्वाद का अनुभव कराया।
व्यासपीठ और राजपीठ से महाराजश्री को मिलीं शुभकामनाएं
जन्मोत्सव पर सोशल मीडिया के माध्यम से देश की प्रमुख हस्तियों ने पं. धीरेंद्र शास्त्री को शुभकामनाएं दीं। जगद्गुरू एवं महाराजश्री के दीक्षागुरू पूज्य रामभद्राचार्य महाराज, पूज्य बालक योगेश्वरदास महाराज, हनुमान गढ़ी अयोध्या के महंत राजूदास महाराज, संतोषदास सतुआ महाराज के अलावा राजपीठ से मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, सांसद रीति पाठक, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, डॉ. गौतम टेटवाल, धर्मेंद्र सिंह लोधी, राकेश सिंह, तेलंगाना के नेता टी. राजा सिंह और बिहार के विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा ने बधाई संदेशों में महाराज के धार्मिक और सामाजिक योगदान की सराहना की। धाम पर सुबह से श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा, और शांतिपूर्ण माहौल में पं. शास्त्री ने भक्तों से मिलकर उनका अभिवादन किया।
जनप्रतिनिधियों ने करवाए भंडारे
क्षेत्रीय विधायक अरविंद पटैरिया महाराजश्री के जन्मोत्सव पर पिछले दो दिनों से खिचड़ी प्रसाद का वितरण करवा रहे हैं। जन्मोत्सव के अवसर पर अरविंद पटैरिया के अलावा पूर्व विधायक आलोक चतुर्वेदी पज्जन ने भी लोगों के भंडारे की व्यवस्था की। वहीं कथा पंडाल के पास मां विरासनी शिष्य मंडल की ओर से नि:शुल्क चाय का वितरण किया गया। इसके अलावा बागेश्वर धाम के डेढ़ दर्जन से अधिक शिष्य मंडलों ने इस पावन अवसर पर अपनी सेवाएं दीं।
पुलिस और प्रशासन की रही बेहतर व्यवस्था
महाराजश्री के जन्मोत्सव पर यहां आए लाखों लोगों का ध्यान रखने पुलिस और प्रशासन ने अपनी बेहतर सेवाएं दीं। लोगों को असानी से महाराजश्री के दर्शन मिल सकें इसके अलावा आवागमन तथा अन्नपूर्णा तक पहुंचने के सुगम इंतजाम किए।