July 1, 2025

बिहार विधानसभा चुनाव: संजीव तिवारी को प्रवासी सम्मेलन अभियान की बड़ी जिम्मेदारी

0

बिहार विधानसभा चुनाव: संजीव तिवारी को प्रवासी सम्मेलन अभियान की बड़ी जिम्मेदारी

प्रयागराज । आगामी बिहार विधानसभा चुनाव (संभावित सितंबर-अक्टूबर 2025) को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनावी मुद्दों में रोजगार, कानून व्यवस्था, जातीय जनगणना और महिला सुरक्षा जैसे विषय प्रमुख रहेंगे। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने प्रवासी बिहारियों को जोड़ने के लिए विशेष रणनीति बनानी शुरू कर दी है। पार्टी की पंजाब प्रदेश इकाई ने बिहार के प्रवासी मतदाताओं को संगठित करने और उन्हें मतदान के लिए प्रेरित करने की योजना बनाई है।

बैठक में बनी रणनीति

पिछले सप्ताह राष्ट्रीय संगठन मंत्री बी.एल. संतोष के नेतृत्व में एक विशेष कार्ययोजना बैठक संपन्न हुई, जिसमें पंजाब प्रदेश के प्रभारी नेता और सभी प्रमुख पदाधिकारी शामिल हुए। इस बैठक में बिहार विधानसभा चुनाव तक पंजाब के सभी लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों में प्रवासी सम्मेलन आयोजित करने और बिहार के निवासियों को अपने गृह राज्य जाकर मतदान करने के लिए प्रेरित करने का निर्णय लिया गया।

इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए पंजाब प्रदेश संयोजक श्री संजीव तिवारी को बिहार चुनाव के लिए उप प्रमुख नियुक्त किया गया है।

संजीव तिवारी की राजनीतिक यात्रा

संजीव तिवारी का जन्म प्रयागराज के करछना तहसील के केचुहा गांव में हुआ। उन्होंने अपनी शिक्षा GIC (गवर्नमेंट इंटर कॉलेज) और इलाहाबाद विश्वविद्यालय से प्राप्त की। प्रयागराज में रहते हुए उन्होंने BJP से जुड़कर राजनीति की शुरुआत की और एक सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में पार्टी के प्रचार-प्रसार में जुट गए।

संजीव तिवारी संघ विचार परिवार से भी गहराई से जुड़े रहे हैं और रामभाऊ मालगी प्रबोधिनी तथा संकल्प जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में उनके बौद्धिक व्याख्यान होते रहे हैं। उनकी संगठनात्मक क्षमता को देखते हुए 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में उन्हें BJP के वार रूम प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई, जहां उन्होंने पार्टी की जीत के लिए रणनीति बनाकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पंजाब में BJP की मजबूती में निभाई अहम भूमिका

लोकसभा चुनाव 2024 से पहले, संजीव तिवारी को BJP का पंजाब प्रदेश संयोजक बनाया गया। उन्होंने रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के नेतृत्व में लुधियाना को केंद्र बनाकर प्रवासी बिहारियों को BJP से जोड़ने की रणनीति तैयार की। उन्होंने पंजाब के सभी संगठनात्मक मंडलों में बैठकें कीं और प्रवासी नेटवर्क को मजबूत किया।

उनके प्रयासों से पंजाब में BJP के वोट प्रतिशत में भारी वृद्धि हुई, जो 6.6% से बढ़कर 18.56% हो गया। इस उपलब्धि को देखते हुए पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने अब उन्हें बिहार विधानसभा चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की जिम्मेदारी सौंपी है।

परिवार और सामाजिक योगदान

संजीव तिवारी के परिवार में दो छोटे भाई हैं, जिनमें से एक भाई प्रयागराज में डॉक्टर हैं, जबकि दूसरे भाई राजनीतिक और व्यावसायिक क्षेत्र में सक्रिय हैं। प्रयागराज की धरती से निकले संजीव तिवारी अब राष्ट्रीय स्तर पर BJP की नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन 2047 को साकार करने के लिए कार्य कर रहे हैं। उनके कद और कार्यशैली को देखते हुए यह तय माना जा रहा है कि वे बिहार विधानसभा चुनाव में प्रवासी बिहारियों को संगठित करने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *