August 1, 2025

गर्लफ्रेंड के विवाद में युवक की हत्या : BJP का झंडा लगी स्कार्पियो सवार युवकों ने बीच बाजार मारी गोली, घर का इकलौता लड़का था मृतक

0

गर्लफ्रेंड के विवाद में युवक की हत्या : BJP का झंडा लगी स्कार्पियो सवार युवकों ने बीच बाजार मारी गोली, घर का इकलौता लड़का था मृतक

प्रयागराज : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां भाजपा का झंडा लगी स्कार्पियो सवार युवकों ने बीच बाजार एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों का सिविल लाइंस मार्केट में युवक से विवाद हो गया था। इसके बाद युवक अपनी बाइक लेकर भागने लगा। हमलावरों ने उसका पीछा कर ममफोर्डगंज में उसे रोककर सीने में गोली मार दी। पुलिस मामले की तफ्तीश में लगी हुई है। शुरूआती जांच में हत्या का कारण गर्लफ्रेंड को लेकर विवाद सामने आया है।

पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी
पूरा मामला कर्नलगंज थाना क्षेत्र के फौव्वारा चौराहे का है। सोमवार रात घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस घायल युवक को बेली अस्पताल ले गई। जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान शशांक सिंह यादव उम्र 24 साल निवासी नवाबगंज के गांव जगदीशपुर के रूप में हुई है। सहायक पुलिस आयुक्त कर्नलगंज राजीव यादव ने मामले को लेकर बताया कि काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है। हत्या का केस दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

पहले जानिए हत्या का कारण
हत्या का कारण गर्लफ्रेंड को लेकर विवाद सामने आया है। पुलिस पूछताछ में मिली जानकारी के मुताबिक शशांक और आरोपी शुभम उपाध्याय पहले दोस्त थे। लेकिन, गर्लफ्रेंड को लेकर इनकी दोस्ती में दरार पड़ गई और दोस्ती दुश्मनी में बदल गई थी। शशांक की गर्लफ्रेंड को शुभम परेशान परेशान करता था। दोनों के बीच पहले भी गर्लफ्रेंड को लेकर मारपीट हो चुकी थी। शुभम कभी शशांक की गर्लफ्रेंड को कॉल करता था तो कभी उसका पीछा करता था। इसी बात को लेकर सोमवार को भी विवाद हुआ था।

बाइक रुकवाकर शशांक के सीने में मारी गोली
शशांक तेलियरगंज में किराए का कमरा लेकर रहता था। वह एक प्राइवेट नौकरी करता था। सोमवार रात सिविल लाइंस स्थित मार्केट में वह दो-तीन लड़कों के साथ खड़ा था। तभी स्कॉर्पियो सवार युवक आए और शशांक के साथ मारपीट करने लगे। बदमाशों से बचने के लिए शशांक अपनी बाइक से भागा। हमलावरों ने उसका पीछा कर ममफोर्डगंज के फव्वारा चौराहे के पास उसे रोक लिया। फिर बदमाशों ने शशांक के सीने में गोली मार दी।

कर्नलगंज समेत कई थानों में शशांक पर दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक शशांक सिंह पर भी कर्नलगंज समेत कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं। बता दें कि घटना के बाद पुलिस ने सबसे पहले शशांक की मां को सूचित किया था। लेकिन देर रात करीब दो बजे तक भी शशांक की मां अस्पताल नहीं पाईं। हालांकि शशांक की मौसी समेत कई रिश्तेदार बेली अस्पताल पहुंच गए थे।

घर का इकलौता लड़का था शशांक
मौसी आरती ने बताया कि शशांक घर का इकलौता लड़का था। उसकी एक बहन है। शशांक के पिता शिवशंकर बांदा जिले में सेल टैक्स विभाग में सीटीओ के पद पर तैनात हैं। इन दिनों शशांक की शादी की भी बात घर में चल रही थी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *