September 18, 2025

राम मंदिर की चमक के आगे ताज का दीदार हुआ फीका, अयोध्या के मुकाबले आगरा में घटे पर्यटक

0

राम मंदिर की चमक के आगे ताज का दीदार हुआ फीका, अयोध्या के मुकाबले आगरा में घटे पर्यटक

लखनऊ।सात अजूबों में शामिल मुहब्बत की निशानी ताजमहल विश्व में प्रसिद्ध है।ताजमहल का दीदार करने के लिए पूरे विश्व से लोग आते हैं,मगर पिछले दो साल से ताजमहल का दीदार फीका नजर आ रहा है।पर्यटकों की संख्या लगातार घट रही है,लेकिन विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ी है।वहीं दूसरी ओर रामनगरी अयोध्या में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़‌ रही है।राम मंदिर रामलीला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद से रामनगरी आने वाले श्रद्धालु और पर्यटकों की संख्या में जबरदस्त उछाल आया है।पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या के मामले में कभी पीछे रहने वाली रामनगरी अब नंबर एक पर है।पर्यटकों और श्रध्दालुओं की संख्या के में मामले में रामनगरी ने काशी और मथुरा को पछाड़ दिया है।इसमें भारतीय पर्यटक ही नहीं विदेशी पर्यटक भी शामिल हैं।बता दें कि कोरोना काल के बाद से लगातार आगरा में पर्यटकों की संख्या कम हो रही है,लेकिन राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद से आगरा आने वाले पर्यटकों की संख्या में जबरदस्त कमी देखने को मिली है।

पर्यटन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक घरेलू पर्यटकों की संख्या में पिछली वर्ष की तुलना में इस वर्ष 193298 पर्यटक कम आए।वहीं विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ी है। वर्ष 2022-2023 में कुल 2770340 पर्यटक ताज का दीदार करने के लिए आए।वर्ष 2023-2024 में 2684825 सैलानियों ने ताजमहल का दीदार किया।पर्यटन उद्यमियों का मानना है कि भारतीय पर्यटकों में अब विदेश घूमने की ज्यादा रुचि दिख रही है,जो पूर्व में 30 फीसदी थी। अब 35 फीसदी तक पहुंच गई है।

यूपी में पिछले नौ महीने में लगभग 47.61 करोड़ पर्यटकों ने भ्रमण किया।इसमें घरेलू पर्यटकों की संख्या 47.47 करोड़ और विदेशी पर्यटकों की संख्या 14 लाख से ज्यादा रही।
अयोध्या में राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी है।राम नगरी में नौ माह में 13 करोड़ 55 लाख 90 हजार 523 पर्यटक आए,इसमें 13 करोड़ 55 लाख 87 हजार 370 घरेलू पर्यटक और 3153 विदेशी हैं।मथुरा में कुल 6 करोड़ 81 लाख 55 हजार 926 श्रद्धालु पहुंचे,इसमें 6 करोड़ 80 लाख 68 हजार 697 घरेलू और 87229 विदेशी हैं।काशी में कुल 6 करोड़ 27 लाख 18 हजार 417 श्रद्धालु आए,इसमें 6 करोड़ 25 लाख 34 हजार 381 घरेलू और 1 लाख 84 हजार 36 विदेशी पर्यटक हैं। तीर्थराज प्रयागराज में नौ माह में कुल 4 करोड़ 80 लाख 10 हजार 970 पर्यटक आए, जिसमें 4 करोड़ 80 लाख 6180 घरेलू और 4790 विदेशी पर्यटक शामिल थे।

दीपोत्सव के बाद से अयोध्या में बढ़ने शुरू हुए श्रद्धालु

पर्यटन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक 2017 में जब से दीपोत्सव प्रारंभ हुआ है उसके बाद से श्रीराम की नगरी में भक्तों की संख्या में भारी इजाफा हुआ है। 2017 में कुल 1,78,57,858 श्रद्धालुओं ने रामनगरी में दर्शन-पूजन किया। इनमें 1,78,32,717 भारतीय एवं 25,141 विदेशी शामिल हैं। वहीं 2018 में 1,95,34,824 भारतीय एवं 28,335 विदेशी नागरिकों ने रामनगरी में दर्शन किया। इस प्रकार कुल मिलाकर 1,95,63,159 श्रद्धालुओं ने वर्ष 2018 में अयोध्या में दर्शन-पूजन किया। ऐसे ही वर्ष 2019 में 2,04,63,403 भारतीय एवं 28,331 विदेशी को मिलाकर कुल 2,04,91,724 श्रद्धालुओं ने अयोध्या में दर्शन किए। वर्ष 2020 में कोरोना के कारण श्रद्धालुओं की संख्या में कमी देखने को मिली और 61,93,537 भारतीय एवं 2,611 विदेशी मिलाकर कुल 61,96,148 श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे।

वहीं वर्ष 2021 में 1,57,43,359 भारतीय एवं 431 विदेशी पर्यटकों ने अयोध्या में दर्शन पूजन किया। 2021 में कुल 1,57,43,790 श्रद्धालु अयोध्या दर्शन के लिए आए। इसी क्रम में वर्ष 2022 में 2,21,12,402 भारतीय एवं 26,403 विदेशी पर्यटक अयोध्या पहुंचे। कुल मिलाकर 2, 21, 38, 805 श्रद्धालु 2022 में अयोध्या दर्शन के लिए यहां पहुंचे। वर्ष 2023 में यह संख्या बहुत तेजी से बढ़ी है। 2023 में वर्ष भर में कुल 5,75,15,423 श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे। इनमें 5,75,07,005 भारतीय श्रद्धालु व 8418 विदेशी श्रद्धालु शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चर्चित खबरे