श्री मणिमहेश यात्रा को राष्ट्रीय दर्जा व प्रसाद योजना में शामिल कर होगा राष्ट्रीय मानचित्र पर भरमौर का नाम – सुरजीत शर्मा भरमौरी

रिपोर्ट, अशोक कुमार ब्यूरो चंबा
भरमौर/चंबा: जिला कांग्रेस कमेटी चंबा के अध्यक्ष सुरजीत भरमौरी ने कहा है कि अपनी पैतृक पंचायत हड़सर के निवासियों की मुख्य मांगों को पूरा करने और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से वचनबद्ध है। इस संदर्भ में उन्होंने अतिरिक्त दंडाधिकारी (ADM) भरमौर के साथ एक विस्तृत और सकारात्मक बैठक की, जिसमें क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की गई।
प्रेस को जारी एक बयान में जिलाध्यक्ष सुरजीत भरमौरी ने कहा कि हड़सर और भरमौर क्षेत्र का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। उन्होंने प्रशासन के समक्ष मुख्य रूप से निम्नलिखित मांगें रखीं और उन पर जल्द कार्रवाई का आग्रह किया:
हड़सर में भव्य सराय का निर्माण: हड़सर स्थित श्री हनुमान जी मंदिर के पास एक भव्य सामुदायिक भवन व सराय का निर्माण किया जाएगा। इसका उद्देश्य स्थानीय सामाजिक-सांस्कृतिक आयोजनों के साथ-साथ मणिमहेश यात्रा पर आने वाले शिवभक्तों को ठहरने की बेहतर सुविधा प्रदान करना है।
43 परिवारों को वनाधिकार का हक: वनाधिकार अधिनियम (FRA) के तहत क्षेत्र के चिन्हित 43 परिवारों को उनका हक और मालिकाना हक दिलाने के लिए चरणबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा।
मणिमहेश यात्रा को राष्ट्रीय दर्जा: वर्ष 1885 से राज्य स्तरीय घोषित पवित्र श्री मणिमहेश जी की पावन यात्रा को ‘राष्ट्रीय स्तर का मेला’ घोषित करवाने के लिए हर स्तर पर ठोस पैरवी की जाएगी।
‘प्रसाद’ योजना में शामिल करने का प्रयास: इस पावन तीर्थ स्थल के चहुंमुखी विकास के लिए इसे केंद्र सरकार की ‘प्रसाद’ (PRASAD) योजना के अंतर्गत शामिल करवाने का प्रस्ताव राज्य सरकार के माध्यम से केंद्र को भेजने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
सुरजीत भरमौरी ने कहा कि इन सभी योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए कांग्रेस कमेटी प्रशासन और सरकार के साथ मिलकर निरंतर प्रयास करती रहेगी ताकि क्षेत्र की जनता को उनका हक और बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

