प्रयागराज जंक्शन पर अनबुक्ड लगेज के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान
प्रयागराज जंक्शन पर अनबुक्ड लगेज के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान

कुल 2015 किलोग्राम अनबुक्ड सामान पर ₹46,999/- का जुर्माना

प्रयागराज। मण्डल रेल प्रबंधक/प्रयागराज मण्डल रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में प्रयागराज मण्डल द्वारा यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ बिना टिकट यात्रा तथा अनबुक्ड लगेज पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से स्टेशनों एवं ट्रेनों में नियमित रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इन अभियानों का उद्देश्य रेलवे नियमों के प्रति यात्रियों में जागरूकता बढ़ाना, रेल प्रशासन की व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा राजस्व की हानि को रोकना है।
इसी क्रम में दिनांक 10 मार्च 2026 को वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबंधक/कोचिंग हरिमोहन के निर्देशन में प्रयागराज जंक्शन पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान में वाणिज्य निरीक्षक ज्ञानेश्वर पटेल, अमृत सागर भारती, मनीष कुमार मौर्य सहित 8 टिकट चेकिंग स्टाफ द्वारा स्टेशन से होकर गुजरने वाली गाड़ियों संख्या 12428, 12802, 20802, 12418, 15657 तथा 22582 की सघन जांच की गई।
जांच के दौरान गाड़ी संख्या 20802 नई दिल्ली–इस्लामपुर मगध एक्सप्रेस से 02 पैकेट तथा गाड़ी संख्या 22582 से 32 पैकेट अनबुक्ड लगेज बरामद किए गए। कुल 840 किलोग्राम अनबुक्ड सामान पकड़ा गया, जिसके संबंध में संबंधित यात्रियों से रेलवे नियमों के अंतर्गत ₹19,955/- का जुर्माना वसूला गया। साथ ही दो पैकेट अनबुक्ड लगेज को LPO में जमा कराया गया।
इसके अतिरिक्त मगध एक्सप्रेस में पाए गए 119 किलोग्राम अनबुक्ड पैकेज, जिन्हें प्रयागराज जंक्शन पर नहीं उतारा जा सका, उन्हें वाणिज्य निरीक्षक मिर्जापुर श्री एस. के. अकेला को सूचित कर मिर्जापुर स्टेशन पर उतरवाया गया, जहां संबंधित व्यक्तियों से ₹4,405/- का जुर्माना वसूला गया।
इसी क्रम में दिनांक 11 मार्च 2026 को भी प्रयागराज जंक्शन पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान गाड़ियों संख्या 12562, 03094, 03436, 12428, 20802, 12418, 12802 तथा 22582 के विभिन्न श्रेणियों के कोचों में टिकट एवं लगेज की सघन जांच की गई।
जांच के दौरान गाड़ी संख्या 12418 नई दिल्ली–प्रयागराज जंक्शन प्रयागराज एक्सप्रेस के जनरल, स्लीपर तथा अन्य कोचों में विशेष चेकिंग की गई, जिसमें 03 बिना टिकट यात्रियों को पकड़ा गया। साथ ही यात्रियों के पास बड़ी मात्रा में अनबुक्ड लगेज पाया गया। कुल 1056 किलोग्राम अनबुक्ड सामान पकड़ा गया, जिस पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए ₹22,639/- का जुर्माना वसूला गया।
दिनांक 11 मार्च 2026 को चलाए गए इस चेकिंग अभियान में वाणिज्य विभाग की टीम ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अभियान में मुख्य वाणिज्य निरीक्षक राहुल दुबे, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक प्रियरंजन कुमार, मण्डल मुख्य टिकट निरीक्षक दिवाकर शुक्ला, मुख्य टिकट निरीक्षक संतोष कुमार, दीपक कुमार, दीपक सिंह तथा उप मुख्य टिकट निरीक्षक हितेन्द्र कुमार सहित अन्य चेकिंग स्टाफ उपस्थित रहे।
प्रयागराज मण्डल अपने सम्मानित यात्रियों से अपील करता है कि यात्रा के दौरान सदैव वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें तथा अपने साथ ले जाए जाने वाले सामान को नियमानुसार बुक कराकर ही ट्रेन में ले जाएं। इससे यात्रियों को अनावश्यक असुविधा से बचाया जा सकेगा तथा रेल सेवाओं को अधिक सुचारु, सुरक्षित एवं पारदर्शी बनाए रखने में सहयोग मिलेगा।

