होली के दौरान 108 एंबुलेंस सेवा हाई अलर्ट पर, किसी भी आपात स्थिति में सहायता के लिए डायल करें 108

बांदा में होली के दौरान 108 व 102 एंबुलेंस सेवाएं 24 घंटे हाई अलर्ट पर रहेंगी। सरकार की ओर से निर्देश मिलने के बाद सभी एंबुलेंसों को अलर्ट पर रहने के लिए विस्तृत दिशा निर्देश जारी कर किए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर 108 नम्बर डायल करें, एंबुलेंस कुछ ही देर में मदद के लिए पहुंच जाएगी।
108 एवं 102 एंबुलेंस सेवा प्रदाता संस्था ईएमआरआई ग्रीन हेल्थ सर्विसेज के रीजनल मैनेजर सुमित दूबे और जिला प्रभारी पुष्कल सिंह ने बताया कि होली को लेकर विशेष दिशा निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 24/7 निर्बाध एंबुलेंस सेवाएं सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है।
24 घंटे उपलब्ध रहेगी एंबुलेंस
प्रोग्राम मैनेजर अमित कुमार ने बताया कि त्योहार के दौरान 108 एंबुलेंस विशेष रूप से चिन्हित किए गए विशेष स्थानों, दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों, व थानों के नजदीक मौजूद रहेगी। जिससे आपात स्थिति में मरीजों को एंबुलेंस से न्यूनतम समय में अस्पताल पहुंचाया जा सके। उन्होंने बताया कि हर जरूरतमंद व्यक्ति को कम से कम समय में एम्बुलेंस सुविधा उपलब्ध कराकर उसकी जान बचाना हमारी प्राथमिकता है। इसके साथ ही सभी एंबुलेंस से में स्टाफ एवं ऑक्सीजन, दवा व अन्य उपकरणाें की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया है।
सड़क या अन्य कोई दुर्घटना होने, जलने, हार्ट, सांस, लिवर, किडनी, पेट दर्द, स्किन से सम्बंधित, या अन्य कोई भी समस्या होने पर 108 नंबर पर सूचना देकर एंबुलेंस सेवा ली जा सकती है। 108 एंबुलेंस जल्द ही पहुंचकर हॉस्पिटल ले जाएगी। सभी एंबुलेंस में जीवन रक्षक दवाओं के साथ इमरजेंसी सुविधाएं व प्रशिक्षित स्टाफ उपलब्ध रहता है। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से यह सेवा सभी के लिए फ्री है।
महिलाओं व बच्चों के लिये 102 एंबुलेंस
त्योहार के दौरान गर्भवती महिलाओं व 2 साल तक बच्चों को सेवाएं देने के लिए 102 एंबुलेंस सेवा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। प्रदेश में 108 सेवा की 2200 एंबुलेंस और 102 सेवा की कुल 2270 एंबुलेंस 24 घंटे संचालित हैं। आवश्यकता पड़ने एम्बुलेंस 102 या 108 पर कॉल करके नि:शुल्क एम्बुलेंस सेवा प्राप्त की जा सकती है।

