February 16, 2026

प्रयागराज मंडल में माल यातायात अवसंरचना को मिला नया आयाम, सतनरैनी स्टेशन के निकट गुड्स कार्गो टर्मिनल (GCT) का सफल शुभारंभ

0

प्रयागराज मंडल में माल यातायात अवसंरचना को मिला नया आयाम, सतनरैनी स्टेशन के निकट गुड्स कार्गो टर्मिनल (GCT) का सफल शुभारंभ

प्रयागराज। मण्डल रेल प्रबन्धक/प्रयागराज, रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/गुड्स, अतुल यादव के नेतृत्व में प्रयागराज मंडल की माल ढुलाई अवसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में सतनरैनी स्टेशन के निकट नव-निर्मित गुड्स कार्गो टर्मिनल (GCT) का दिनांक 06 फरवरी 2026 को सफलतापूर्वक कमीशनिंग (Commissioning) कर संचालन प्रारंभ कर दिया गया है । सतनरैनी स्टेशन, कानपुर-प्रयागराज- खंड के रसूलाबाद-खागा स्टेशनों के मध्य स्थित है । यह अत्याधुनिक टर्मिनल क्षेत्र में खाद्यान्न भंडारण एवं माल हैंडलिंग क्षमता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा ।

इस आधुनिक सुविधा का विकास विशेष रूप से खाद्यान्न, विशेषकर गेहूं के सुरक्षित एवं वैज्ञानिक भंडारण को ध्यान में रखते हुए किया गया है। टर्मिनल में कुल 04 उच्च क्षमता वाले साइलो (Silos) स्थापित किए गए हैं, जिनकी संयुक्त भंडारण क्षमता लगभग 50,000 मीट्रिक टन है । यह सुविधा मुख्य रूप से आवक (Inward) गेहूं रेकों के भंडारण के लिए उपयोग में लाई जाएगी, जिससे क्षेत्रीय कृषि आपूर्ति श्रृंखला को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

इस गुड्स कार्गो टर्मिनल के प्रारंभ होने से खाद्यान्न की ढुलाई, भंडारण एवं वितरण प्रक्रिया अधिक सुव्यवस्थित एवं त्वरित होगी। आधुनिक यांत्रिक (Mechanized) हैंडलिंग प्रणाली के माध्यम से माल की अनलोडिंग में लगने वाला समय कम होगा, जिससे परिचालन दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। साथ ही, पारंपरिक तरीकों की तुलना में हैंडलिंग के दौरान होने वाले नुकसान में भी कमी आएगी, जिससे खाद्यान्न की गुणवत्ता एवं मात्रा दोनों सुरक्षित रहेंगी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/गुड्स, अतुल यादव ने इस टर्मिनल के शुरू होने पर कहा कि यह टर्मिनल फ़तेहपुर क्षेत्र के व्यापारियों एवं खाद्यान्न एजेंसियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। बेहतर भंडारण व्यवस्था के कारण आपूर्ति श्रृंखला अधिक सुदृढ़ होगी तथा आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जा सकेगी । इसके अतिरिक्त, इस परियोजना से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे, जिससे क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

प्रयागराज मंडल द्वारा विकसित यह गुड्स कार्गो टर्मिनल रेलवे की माल परिवहन सेवाओं को आधुनिक, सुरक्षित एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है। यह पहल न केवल कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगी, बल्कि आवश्यक वस्तुओं के सुचारु एवं निर्बाध आवागमन को भी सुनिश्चित करेगी।

इस प्रकार सतनरैनी स्टेशन के निकट स्थापित यह नवीन GCT, प्रयागराज मंडल में आधुनिक माल अधोसंरचना आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ-साथ भविष्य की लॉजिस्टिक जरूरतों के अनुरूप एक सशक्त आधारशिला सिद्ध होगा तथा क्षेत्रीय विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चर्चित खबरे