February 8, 2026

रेप,ब्लैकमेलिंग से तंग आकर ट्रेन के आगे कूदी थी युवती,प्रयागराज सुसाइड केस में आया नया मोड़

0

रेप,ब्लैकमेलिंग से तंग आकर ट्रेन के आगे कूदी थी युवती,प्रयागराज सुसाइड केस में आया नया मोड़

प्रयागराज के थरवई क्षेत्र में ट्रेन के आगे कूदकर युवती के सुसाइड मामले में नया मोड़ आ गया है। पिता का आरोप है कि उनकी बेटी ने ब्लैकमेलिंग से तंग आकर अपनी जान दी। डरा-धमका कर उसका रेप किया जा रहा था और वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी जा रही थी। इस मामले में तीन नामजद समेत पांच लोगों पर एफआईआर दर्ज कराई गई है।

यह मामला लापता हुई 21 वर्षीय युवती से जुड़ा है। युवती की मां का पहले ही निधन हो चुका है। पिता मुंबई मे रहकर प्राइवेट नौकरी करते हैं और घटना से कुछ दिन पहले ही गांव आए थे, इसके बाद वापस लौट गए थे।

परिजनों के अनुसार,युवती शनिवार को अपनी छोटी बहन के साथ मेला गयी थी। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गई। परिवार वालों ने काफी तलाश की,लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

सोमवार सुबह थरवई क्षेत्र के गणेशपुर गांव के सामने रेलवे लाइन के किनारे युवती का क्षत-विक्षत शव मिला। सिर कटा हुआ था। मौके से कुछ दूरी पर उसका मोबाइल फोन भी बरामद हुआ, जिससे उसकी पहचान हो सकी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। अधिकारियों का कहना था कि स्टेशन मास्टर की ओर से सूचना दी गई थी कि एक युवती ट्रेन के सामने आ गई थी।

बाद में जब पिता गांव पहुंचे तो उन्होंने पुलिस को तहरीर दी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि एक युवक बेटी को लंबे समय से ब्लैकमेल कर रहा था और डरा-धमका कर उससे संबंध बनाता था। घटना वाले दिन भी उसके साथ जबरदस्ती की गई थी। आरोप है कि इस दौरान उसके साथियों ने भी सहयोग किया।

पिता ने बताया कि आरोपियों ने युवती को धमकी दी थी कि अगर उसने किसी को कुछ बताया तो उसका अश्लील वीडियो इंटरनेट पर वायरल कर दिया जाएगा। इसी डर और मानसिक दबाव में आकर युवती ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन नामजद और दो अज्ञात पर दुष्कर्म और आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। नामजद आरोपियों में से एक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *