February 27, 2026

लखनऊ में प्रदेश स्तरीय कांग्रेस बैठक, बांदा की समस्याओं पर हुई चर्चा

0

लखनऊ में प्रदेश स्तरीय कांग्रेस बैठक, बांदा की समस्याओं पर हुई चर्चा


बांदा। कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेश दीक्षित ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी माननीय अविनाश पांडेय तथा उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष माननीय अजय राय (पूर्व मंत्री) की अध्यक्षता में प्रदेश स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक लखनऊ स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित की गई।
बैठक में प्रदेश भर के जिला एवं शहर कांग्रेस अध्यक्षों के साथ-साथ मनरेगा जिला कोऑर्डिनेटर, एसआईआर कोऑर्डिनेटर एवं कांग्रेस के विभिन्न महत्वपूर्ण प्रकोष्ठों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जनपद बांदा की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को लेकर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री माननीय नसीमुद्दीन सिद्दीकी के नेतृत्व में कांग्रेसियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय से मुलाकात कर अपना पक्ष रखा।
इस अवसर पर मनरेगा जिला कोऑर्डिनेटर रमेश चंद्र कोरी (एआईसीसी) ने बताया कि जनपद में मनरेगा से जुड़े अधिकारों को लेकर जनता को जागरूक करने हेतु विशेष अभियान चलाया जाएगा। वहीं जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सीमा खान ने जनपद में बढ़ते महिला उत्पीड़न के मामलों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए प्रभावी कार्रवाई की मांग रखी।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेश दीक्षित ने बांदा के ऐतिहासिक राइफल क्लब खेल मैदान को बचाने के लिए कांग्रेस द्वारा समय-समय पर किए गए ज्ञापन, धरना-प्रदर्शन सहित विभिन्न आंदोलनों की जानकारी देते हुए कहा कि कांग्रेस इस जनहित के मुद्दे पर पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष को आश्वस्त किया कि आगामी दिनों में माननीय नसीमुद्दीन सिद्दीकी के नेतृत्व में हजारों की संख्या में जनता एवं कांग्रेस कार्यकर्ता राइफल क्लब मैदान को बचाने के लिए आंदोलन में शामिल होंगे और हर हाल में इस खेल मैदान की रक्षा की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि समाचार पत्रों के माध्यम से जानकारी मिली है कि नीलामी पर 20 जनवरी तक अस्थायी रोक लगाई गई है, लेकिन अभी तक जिला प्रशासन को इस संबंध में कोई आधिकारिक आदेश प्राप्त नहीं हुआ है।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि कांग्रेस आगामी ग्राम पंचायत चुनावों में पूरी ताकत के साथ उतरेगी। ग्राम पंचायत स्तर पर ऐसे प्रत्याशियों का चयन किया जाए, जो कांग्रेस की विचारधारा में आस्था रखते हों और पार्टी की नीतियों से प्रभावित हों, ताकि प्रदेश भर में कांग्रेस पंचायत चुनाव में बेहतर प्रदर्शन कर सके। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि किसी भी समस्या के समाधान के लिए वे उनसे किसी भी समय मिल सकते हैं, उनके दरवाजे सदैव कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए खुले हैं।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में पूर्व प्रदेश संगठन मंत्री/पीसीसी सदस्य साकेत बिहारी मिश्रा एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी/पीसीसी सदस्य भगवान दीन गर्ग भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चर्चित खबरे