राष्ट्रीय एकता का भी प्रमुख साधन है हिंदी– डॉ. अमित मालवीय
हिंदी विश्वविद्यालय में मनाया गया हिंदी दिवस
राष्ट्रीय एकता का भी प्रमुख साधन है हिंदी– डॉ. अमित मालवीय
भारत की विविध भाषाओं के बीच का सेतु है हिंदी– प्रो. अखिलेश कुमार दुबे
प्रयागराज। महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय केंद्र, झूंसी प्रयागराज में हिंदी दिवस पर हिंदी भाषा और विकसित भारत का संकल्प विषय पर ज्ञानोत्सव के रूप में गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय केंद्र के अकादमिक निदेशक प्रो. अखिलेश कुमार दुबे ने की। प्रोफेसर दुबे ने कहा कि हम कौन थे, क्या हो गए और क्या होंगे। हिंदी ने भारत की विविध भाषाओं के बीच सेतु का कार्य करते हुए राष्ट्रीय एकता और समरसता को बढ़ावा दिया है। हिंदी ने न केवल भारत का नेतृत्व भाषा के रूप में किया है, बल्कि यह देश की सांस्कृतिक आत्मा और सामाजिक सामंजस्य की कड़ी बनकर उभरी है। हिंदी के विकास के साथ ही भारत ने अपनी विविधताओं के बीच एकता को भी मजबूत किया है। इसे आगे बढ़ाने और समृद्ध करने की जिम्मेदारी हम सब की है। विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए हम सभी सरकार, नागरिक, युवा एवं विभिन्न संस्थानों को मिलकर काम करना होगा। यह संकल्प हमारे देश को एक वैश्विक महाशक्ति बनाने का मार्ग प्रशस्त करेगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित और समृद्ध भारत की नींव रखेगा। इस कार्यक्रम के मुख्य वक्ता वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज के डॉ. अमित मालवीय रहे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हिंदी का विरोध इसलिए होता है क्योंकि हिंदी लगातार आगे बढ़ रही है। भारत के किसी भी कोने या राज्य में जाएं, वहां हिंदी की उपस्थिति और समझ आपको सहज ही मिलती है। हिंदी देश की सबसे व्यापक रूप से बोली जाने वाली भाषा होने के साथ ही एक ऐसी भाषा है जो भले ही विभिन्न राज्यों में स्थानीय भाषाओं के साथ मिश्रित हो, लेकिन सार्वभौमिक स्तर पर संवाद का माध्यम बनी हुई है। हिंदी भाषा का कोई दूसरा विकल्प हमारे देश में नहीं है, क्योंकि हिंदी न केवल भारत की आधिकारिक भाषा है, बल्कि यह राष्ट्रीय एकता का भी प्रमुख साधन है। हिंदी वह भाषा है जो देश के अधिकतर हिस्सों में समझी और बोली जाती है और जो विभिन्न भाषाई समुदायों को आपस में जोड़ती है।
इस अवसर पर स्त्री अध्ययन विभाग की सह आचार्य डॉ. सुप्रिया पाठक ने कहा कि हिंदी केवल शब्दों का समूह नहीं है, बल्कि यह भारतीय संस्कृति, साहित्य, परंपरा और सामूहिक चेतना का वाहक है। हिंदी हमारे रोम-रोम में इसलिए समाई हुई है क्योंकि यह हमारी बोली, हमारी भावनाओं और हमारे विचारों की सहज अभिव्यक्ति है। जब हम बोलते हैं, गाते हैं, या कहानियाँ सुनते हैं, तो उसके पीछे हिंदी की ही आत्मा जीवित रहती है। हिंदी हम सब के रोम-रोम में समाई हुई है, हिंदी हमारे माथे की बिंदिया है जिसके बिना हम सुशोभित भी नहीं होते। हम हिंदी के सैनिक इसकी गरिमा और अस्तित्व की रक्षा करते हैं। हम सब हिंदी के सैनिक हैं। हिंदी विश्व की सर्वाधिक वैज्ञानिक भाषा है और हिंदी हमारी अस्मिता की पहचान भी है। हिंदी दिवस के अवसर पर स्त्री अध्ययन विभाग की सह आचार्य डॉ. अवंतिका शुक्ला ने कहा कि हर समाज और राष्ट्र की पहचान उसकी भाषा से होती है। हमारी मातृभाषा हमें विचारों की स्वतंत्रता, भावनाओं की सच्चाई और संस्कृति से जुड़ाव प्रदान करती है। यदि हम अपनी भाषा का मूल्य नहीं समझेंगे, तो राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक धरोहर भी कमजोर पड़ सकती है। हमें अपनी भाषा का बहुत सम्मान करना है अगर हम अपनी भाषा का सम्मान नहीं करेंगे तो हम अपने राष्ट्र कभी सम्मान नहीं करेंगे हमें दूसरी भाषाओं के साथ भी संबंध बनाने की आवश्यकता है। हिंदी दिवस के अवसर पर जनसंचार विभाग के सहायक आचार्य डॉ.अख्तर आलम ने कहा कि हिंदी भाषा के उत्थान और विकास में मीडिया और सिनेमा ने अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आज हिंदी न सिर्फ भारत की सर्वाधिक बोली जाने वाली भाषा है, बल्कि विश्व मंच पर भी अपनी पहचान बना रही है। हिंदी दिवस के अवसर पर डॉ. आशा मिश्रा, डॉ. यशार्थ मंजुल, डॉ. विजया सिंह, डॉ. बिश्वजीत नारायण, डॉ.अश्विनी कुमार सिंह, हिंदी दिवस और विकसित भारत का संकल्प विषय पर अपना वक्तव्य रखा। इसके पूर्व अतिथियों द्वारा सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलन से कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। केंद्र के अकादमिक निदेशक ने अतिथियों को विश्वविद्यालय का स्मृति चिन्ह, शॉल और सूत की माला देकर स्वागत किया । कार्यक्रम में उपस्थित सभी का आभार अनुवाद विभाग के सहायक आचार्य डॉ. सत्यवीर ने किया। कार्यक्रम का सफल संचालन समाजकार्य विभाग के सहायक आचार्य डॉ. मिथिलेश तिवारी ने किया। इस अवसर पर जयेंद्र जायसवाल, राहुल त्रिपाठी, गीता देवी, देवमूर्ति द्विवेदी, बिरजू प्रसाद, जगजीवन राम प्रजापति, रोहित पीतांबर, अभिषेक चंद्रा, रश्मि, प्रत्यूष शुक्ल, उमेश शर्मा, राजकुमार यादव , मंजरी कुशवाहा , दीक्षा द्विवेदी, श्वेता पाण्डेय, अनन्या शुक्ला, प्रशांत पाण्डेय, प्रभात मिश्रा, खुशबू सिंह, दीपेश कुमार सहित विद्यार्थी एवं शोधार्थी उपस्थित थे।